कोरोना के चलते 2020 का साल उथल-पुथल भरा रहा है। आइए जानते है 2021 में ग्रहों का राशियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा। राशिफल जानने से पहले ग्रहों की चाल जानना बहुत आवश्यक है। वर्ष की शुरुआत में दो मंद गति ग्रह – शनि और बृहस्पति की युति मकर राशि में रहेगी। यहां शनि देव तो अपनी राशि मकर में पूरे वर्ष विराजमान रहेंगे लेकिन बृहस्पति अपनी चाल बदलते रहेंगे। राहु और केतु पूरे वर्ष क्रमशः वृषभ और वृश्चिक राशि में जमे रहेंगे। मंगल ग्रह वह वर्ष की शुरुआत में अपनी स्वराशि मेष में स्थित होंगे और साल भर कई राशियों में भ्रमण करते हुए साल के अंत में अपनी दूसरी स्वराशि वृश्चिक में गोचर करेंगे। अब यदि शेष ग्रहों की बात करें तो शुक्र वर्ष की शुरुआत में वृश्चिक राशि में और बुध धनु राशि में होंगे तथा सूर्यदेव वर्ष की शुरुआत में धनु राशि में होंगे। आइये जानते हैं कि यह ग्रह-स्थितियां वर्ष 2021 में आपके जीवन के विभिन्न पहलुओं जैसे पैसा, व्यवसाय व प्रेम व वैवाहिक जीवन आदि को कैसे प्रभावित करेंगे।
बारह राशियों का वार्षिक राशिफल-2021
-
मेष :-
मेष राशि के जातकों के लिए आने वाला नया साल बहुत ही उत्साह, पराक्रम और कई बदलावों से भरपूर रहेगा, क्योंकि इस वर्ष कई क्षेत्रों में अपने पुराने कार्यों को आप न केवल पूरा करने में सफल रहेंगे बल्कि इस वर्ष आपके सितारे भी आपका साथ देते दिखाई देंगे। नौकरी पेशा वाले जातकों को सफलता मिलेगी और उनको भाग्य का साथ भी मिलेगा, जिससे वो अपने कार्य क्षेत्र में रफ़्तार पकड़ते दिखाई देंगे।
इस समय आपको कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लेने पड़ सकते हैं। ऐसे में खुद को तनाव मुक्त रखते हुए ही किसी भी निर्णय पर पहुँचना आपके लिए बेहतर रहेगा। व्यापारी वर्ग इस वर्ष थोड़ा निराश रह सकता है, क्योंकि शनि देव आपसे अधिक मेहनत कराने वाले हैं। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से मेष राशि के जातकों के लिए वर्ष मिलाजुला रहेगा। पारिवारिक दृष्टिकोण से मेष राशि का 2021 अच्छा रहेगा। वैवाहिक जीवन में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं।लाभ के दृष्टिकोण से कई मुद्दे हल होते हुए नजर आएंगे।
-
वृषभ :-
के जातकों पर वर्ष 2021 में राहु का गोचर बना रहेगा, जिससे इस राशि वाले इस वर्ष कुछ भ्रम सा महसूस करेंगे और अपने निर्णय को बार-बार बदलेंगे। आर्थिक नजरिए से वर्ष 2021 मिलाजुला रहने वाला है। आपके काम में बाधाएं आने की वजह से आय में कमी उत्पन्न होगी। हालांकि अप्रैल के बाद अचानक धन लाभ के योग बनने से आपके सभी रुके काम चल निकलेंगे, लेकिन इस समय में धन का सही उपयोग करें। पारिवारिक जीवन मिलाजुला रहने वाला है। व्यवसाय में लाभ के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी पड़ सकती है। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से 2021 अच्छा रहेगा। वैवाहिक जीवन में तालमेल की आवश्यकता रहेगी। वृष राशि के जातकों के लिए भूमि, भवन, वाहन सुख के लिए अच्छा वर्ष है।
-
मिथुन :-
मिथुन राशि वालों के लिए यह साल बहुत अच्छा जाने वाला होगा, क्योंकि वर्ष 2021 में कार्यक्षेत्र के स्वामी बुद्ध हैं, जो सूर्य के साथ बैठे हुए हैं । ज्योतिष में सूर्य और बुध का एक साथ बैठना अति शुभ माना जाता है। सूर्य व बुध का एक साथ आने से बुधादित्य योग बन रहा है। यह योग आपके कार्यक्षेत्र में वृद्धि व आपके व्यवसाय को चमकाने का काम करेगा। व्यापार वालों के लिए भी बहुत अच्छा समय कह सकते हैं, क्योंकि केंद्र का स्वामी त्रिकोण के स्वामी के साथ ही केंद्र त्रिकोण योग बना रहा है जो आपके व्यापार को आगे ले जाएगा।
पराक्रम के स्वामी का अपने घर में बैठना व पराक्रम के स्थान को देखना पराक्रम में वृद्धि करेगा, जिससे आपके प्रदर्शन में सुधार होगा। आय का स्वामी भी अपने घर में बैठा हुआ है तो आय भी अच्छी होगी। आपका वित्तीय पक्ष मजबूत होगा। हर तरफ से आपको लाभ होगा। मिथुन राशि वालों के पारिवारिक जीवन में शनि के गोचर का प्रभाव रहेगा जिससे परिवार मे अनुशासन भरा माहौल बना रहेगा और परिवार में खर्चे की वज़ह से तनाव भी रहेगा। यह वर्ष मिथुन राशि के स्वास्थ्य के लिए शुरुआत में तो बहुत बेहतर रहेगा और उसके पश्चात मई के बाद छोटी मोटी दिक्कतें हो सकती हैं सावधानी बरतें।
-
कर्क :-
कर्क राशि के जातकों के लिए मिश्रित फलदायी रहने वाला है। सेहत के मामले में सब ठीक रहेगा तो वहीं आर्थिक और पारिवारिक सम्बन्धों में उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है। व्यक्तित्व प्रभावी रहेगा। साख सम्मान में वृद्धि होगी। मई के बाद बजट पर ध्यान दें। प्रेम के मामलों में यह वर्ष साधारण है। भावावेश में निर्णय लेने से बचें। आर्थिक पक्ष सामान्य रहेगा। कार्य-व्यापार से जुड़े विषय यथाशीघ्र सुलझाने का प्रयास करें। बदलाव की अपेक्षा स्थिरता को महत्व दें। स्वास्थ्य के मामले में यह वर्ष उत्तम है। शिक्षा के क्षेत्र में परिणाम मिश्रित रह सकते हैं।
-
सिंह :-
सिंह राशि के जातकों के लिए नौकरी और व्यापार के लिहाज से साल 2021 बेहद शुभ रहने वाला है। वहीं सेहत के मामले में पहले तीन महीने चिंताजनक हो सकते हैं। किस्मत हर कदम पर आगे रहेगी दीर्घकालीन योजनाओं को गति देने का वर्ष है। आत्मविश्वास बढ़ा हुआ रहेगा। न्यायिक मामलों को गंभीरता से लें। नौकरी और व्यापार में लाभ होगा। प्रेम और व्यवहार संबंध अच्छे रहेंगे। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से सावधानी बरतने की आवश्यकता। शिक्षा का क्षेत्र मजबूत रहेगा।
-
कन्या :-
कन्या राशि के जातकों के लिए साल 2021 सफलता से भरा रहेगा। इस साल आप अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह से समर्पित रहेंगे। मकर संक्रांति से आपका भाग्योदय होगा। इस साल आप महत्वपूर्ण मामलों में पूरी सक्रियता बनाए रखें। साल के शुरूआती महीने आपके लिए बहुत अच्छे रहने वाले हैं। अप्रैल के निवेश और खर्च बढ़ने की संभावना है। सफलता का प्रतिशत अच्छा बना रहेगा। वर्ष भर शनिदेव की विशेष कृपा बनी रहेगी। इस साल आप भारी परिश्रम के कार्यों को भी सहजता से कर सकेंगे। आपके रिश्ते संवरेंगे, दान धर्म में रुचि रहेगी।
साल 2021 में भाग्य की प्रबलता आपके उल्लेखनीय उपलब्धियों में सहायक होगी। आर्थिक उपलब्ध्यिों को बल मिलेगा। भूमि, भवन, वाहन में वृद्धि संभव है। स्वास्थ्य की दृष्टि से वर्ष अच्छा रहेगा। शिक्षा के क्षेत्र में साल अनुकूल रहेगा। शिक्षा के क्षेत्र में साल अनुकूल रहेगा। स्थानांतरण के साथ पदोन्नति संभव है। वैवाहिक और प्रेम संबंधों में तालमेल बिठाकर चले।
-
तुला :-
तुला राशि के जातकों के लिए साल 2021 कई तरह की चुनौतियां लेकर आ रहा है। इस साल आपको बहुत समझदारी से योजनाएं बनाकर आगे चलना होगा। कोई भी कार्य जांच परख कर ही करें. अपनों की अपेक्षाओं पर खरे उतरने का प्रयास करें। परिवार में सामंजस्य के लिए अतिरिक्त प्रयास करना पड़ सकता है। साल के शुरूआती माह में धैर्य बनाए रखने के जरूरत होगी। जून के मध्य के बाद ज्यादा बेहतर परिस्थितियां बनेंगी। वर्ष भर शनि का चौथे भाव में गोचर ढैया सूचक है। शनि की शांति का उपाय करते रहें। शासन-प्रशासन से तालमेल ठीक रहेगा।
ऐसे लोगों से मित्रता बढ़ाएं जो आपके मनोबल में सहायक हों। नए लोगों से कारोबारी चर्चा में सतर्कता रखें। प्रलोभन और आकर्षण में आने से बचें। शिक्षा के क्षेत्र 2021 आपके लिए शुभ संकेत लेकर आया है। साधारण शुरूआत के बावजूद इस साल आप बेहतर प्रदर्शन करने में सफल हो सकते हैं। प्रेम संबंधों और वैवाहिक जीवन में त्याग और विश्वास बनाए रखें। पद प्रतिष्ठा और पदोन्नति के अवसर उत्तर्रार्ध से ज्यादा बेहतर बनेंगे। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण वर्ष आपके लिए संवेदनशील है। अतः ख्याल रखें।
-
वृश्चिक :-
यह साल वृश्चिक राशि के जातकों के लिए बेहद खास रहेगा। सफलता की नव संभावनाओं संग आने वाला वर्ष संपर्क और संबंधों का संकेतक है। छोटी- छोटी यात्राएं हो सकती है। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास बढ़ा हुआ रहेगा। महत्वपूर्ण कार्यों को आरंभिक महीनों में ही पूरा करने की कोशिश करें। सामाजिक कार्यों से लाभ हो सकता है।
पारिवारिक मामलों को मई से पहले पूरा करने का प्रयास करें। उत्तर्रार्ध में गुरु का राशि से चौथे भाव में संचरण आंशिक परेशानी बड़ा सकता है। प्रेम और वैवाहिक जीवन साधारण रहेगा अतिविनम्रता अथवा अतिउत्साह दोनों से बचें। व्यापार में सफलता मिलेगी। शासन और समाज से मान-सम्मान पाएंगे पद प्रतिष्ठा, पदोन्नति के अवसर बनेंगे। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। शिक्षा की दृष्टि से यह वर्ष परीक्षा लेने वाला है। अध्ययन और अध्यापन में अतिरिक्त समय देने की जरूरत रहेगी।
धनु राशि- साल 2021 धनु राशि के जातकों के लिए काफी अच्छा हो सकता है। इस वर्ष शनि की साढ़े साती जातकों के लिए फायदेमंद रहेगी। उत्तरोत्तर शुभतावर्षक वर्ष है। निसंकोच आगे बढ़ सकते हैं। शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव सकारात्मक रहने वाला है। महत्वपूर्ण कार्यों को पूर्वार्ध में करने की कोशिश करें। आरंभिक माह फलकारक होंगे। श्रेष्ठ कार्यों को गति मिलेगी। सहज सक्रियता बनाए रखें। धर्म त्याग तपस्विता को बल मिलेगा। संतान से शुभ समाचार संभव है।
उत्तरार्ध में सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़ सकते हैं। मान सम्मान में वृद्धि होगी। प्रेम और वैवाहिक संबंधों में उत्साह रहेगा। मांगलिक कार्यों के योग बनेंगे। कार्य और व्यापार के लिए वर्ष शुभ फल प्रदान करेगा लाभ स्थान पर शनि की उच्च दृष्टि रहेगी साख- सम्मान में वृद्धि होगी। प्रस्थापना और पदोन्नति के योग बनेंगे। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा उत्साहित और उर्जावान बने रहेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में अत्यंत शुभता का संयोग बन रहा है। परिणाम उम्मीद के अनुरूप रहेंगे।
-
मकर :-
मकर राशि के जातकों के लिए कई मायनों में खास रहने वाला है। साल 2021 नौकरी या काराबोर में इस राशि के लोगों का भाग्य सामान्य ही रहने वाला है। हालांकि किसी बड़े नुकसान की संभावना भी नहीं है। साहस और समझदारी के संयोग से वर्ष में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। शुरुआती महीनों में व्यक्तिगत कार्यों को महत्व देंगे। अप्रैल के बाद बड़े प्रयासों में गति आने की संभानाएं नपा-तुला जोखिम उठाएंगे।
किसी पर भी आसानी से भरोसा न करें। राशि स्वामी शनि देव की साढ़े साती का मध्य चरण श्रेष्ठ परिणामों का सूचक है। कुलकुटुम्ब में उल्लेखनीय उपलब्धि जुड़ सकती है। सबका मान सम्मान बनाए रखेंगे। प्रेम और वैवाहिक संबंधों में वर्ष मध्यम फलकारक है। भावावेश में आने से बचें। श्रेष्ठ व्यवहार से मन जीतने में सफल रहेंगे। काम काज की गति साधारण रहने के बावजूद असरदार रहेगी। काम निकालने के लिए समझौतावादी रुख रखना बेहतर होगा। स्वयं की क्षमताओं पर भरोसा बढ़ेगा। पद प्रतिष्ठा प्रभाव में योग्यतानुसार वृद्धि के संकेत हैं। अतिरिक्त उछाल के प्रलोभन में न आएं। स्वास्थ्य के लिए वर्ष उत्तम है। शिक्षा क्षेत्र में अतिरिक्त श्रम और संकल्पशक्ति की जरूरत होगी।
-
कुंभ :-
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह वर्ष बहुत कुछ लेकर आ रहा है। इस वर्ष आप कई नई योजनाएं बनाएंगे और उसे पूरे करने के हर प्रयास करेंगे। हालांकि, आपको इस साल कोर्ट-कचहरी के मामलों से बचकर रहना चाहिए। आप भविष्य की बड़ी योजनाओं की आधारशिला रखेंगे। तात्कालिक परिणाम की अपेक्षा आगे के लाभ को लक्ष्य बनाकर चलें। इस साल निवेश की अच्छी संभावनाएं हैं।
लोगों से आपके गतिरोध दूर होंगे। अप्रैल के बाद समय अधिक सकारात्मक रहेगा। आपके विरोधी शांत होंगे। साझा प्रयासों में गति आएगी विषय की गंभीरता को समझकर कार्य करें और प्रबंधन पर जोर दें। नए लोगों से मेल मुलाकात बढ़ेगी। राशि स्वामी शनि देव की साढ़े साती का पहला चरण अप्रत्याशित परिणामों का सूचक है। कागजी कार्यों में पक्के रहें। नौकरीपेशा लोगों को दृढ़ता से अपनी जगह बनाए रखने पर जोर देना चाहिए। नए प्रस्तावों पर जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। कार्य- व्यापार में धैर्य और सतर्कता से काम लेने की जरूरत रहेगी।
अवरोधों से जितनी सहजता से निबटेंगे। सफलता का प्रतिशत उतना ही अच्छा रहेगा। प्रेम और वैवाहिक संबंधों के मामलों में अति उत्साह से बचने का वर्ष है। भावनाओं पर यथासंभव अंकुश रखें। स्वास्थ्य के लिए यह वर्ष मिश्रित फलकारक है। लापरवाही और खानपान की अनदेखी सेहत प्रभावित कर सकती है। शिक्षा के क्षेत्र में यह वर्ष उत्तरोत्तर शुभ है। प्रतियोगिता परीक्षा में मेहनत से जगह बनाने में सफल होंगे।
-
मीन :-
मीन राशि के जातकों के कई रूके हुए काम पूरे होंगे। इस साल आप आर्थिक रूप से बहुत मजबूत रहने वाले हैं। साथ ही आपको भाग्य का भी पूरा साथ मिलेगा। आपके लिए आकस्मिक धन लाभ की संभावना लेकर आ रहा है। इस साल आपको अपने सभी काम तेजी से पूरे करने होंगे। साल की शुरूआत उम्मीद के अनुरूप रहेगी। लंबित कार्यों में गति आएगी। आपके हर क्षेत्र में विकास और विस्तार के योग बनेंगे।
महत्वपूर्ण कार्यों को अप्रैल से पहले पूरे कर लेने की कोशिश करें। इस वर्ष अधिक सोच-विचार से अच्छा है कुछ कर दिखाने का भाव रखें। भाग्य की प्रबलता से सफलता का प्रतिशत बेहतर बना रहेगा। पुराने मामले पक्ष में रहेंगे। निवेश को बल मिलेगा। उत्तम समय का अधिकाधिक प्रयास करें, सफल होंगे। उद्योग व्यापार के लिए यह वर्ष उत्तम फलकारक है। विस्तार की योजनाएं फलित होंगी। चर्चाओं में प्रभावी रहेंगे लाभ और निवेश से स्थिति संवरेगी। प्रेम और वैवाहिक संबंधों के मामलों में इस वर्ष धैर्य और विश्वास की बनाए रखने की जरूरत होगी। अति उत्साह और अहंकार से बचें। स्वास्थ्य की दृष्टि से 2021 उत्तम है। मौसमी संक्रमण का आंशिक खतरा बना रहेगा। नौकरी कर रहे लोगों के लिए साल 2021 अच्छा रहने वाला है। पदोन्नती की संभावनाएं है। महत्वपूर्ण मामलों में उचित सलाह अवश्य लें।